Ram Vilas Paswan death: पटना में शनिवार को होगा राम विलास पासवान का अंतिम संस्कार

  • Follow Newsd Hindi On  
Ram Vilas Paswan death: पटना में शनिवार को होगा राम विलास पासवान का अंतिम संस्कार

दिवंगत केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक राम विलास पासवान का अंतिम संस्कार शनिवार को पटना में होगा। इससे पहले उनका पार्थिव शरीर आखिरी दर्शन के लिए दिल्ली में उनके आवास 12 जनपथ पर शुक्रवार को रखा गया।

पासवान के बेटे चिराग पासवान ने कहा कि शुक्रवार शाम 5 बजे स्वर्गीय राम विलास पासवान का पार्थिव शरीर दिल्ली से पटना ले जाया जाएगा। पटना हवाई अड्डे से पार्थिव शरीर सीधा विधानसभा भवन ले जाया जाएगा जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को पटना पार्टी कार्यालय में देर रात 10.30 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।


शनिवार सुबह 8 बजे से स्वर्गीय राम विलास पासवान के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए उनके बोरिंग रोड एसके पुरी स्थित आवास पर रखा जाएगा।

शनिवार को 1.30 बजे जनार्दन घाट दिघा में अंतिम संस्कार किया जाएगा। बेटे चिराग पासवान स्वर्गीय राम विलास पासवान को मुखाग्नि देंगे।

बता दें कि केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान का गुरुवार को दिल्ली में एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।


राम विलास पासवान के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत दूसरे केंद्रीय मंत्रियों व राजनीति दलों के नेताओं ने शोक जताया है।

राम विलास पासवान ने वर्ष 2000 में जनता दल (यूनाइटेड) से अलग होकर लोजपा का गठन किया था। पिछले साल पार्टी की अपने पुत्र कमान चिराग पासवान को सौंपने से पहले वह लोजपा के संस्थापक अध्यक्ष रहे।

राम विलास पासवान केंद्र सरकार में उपभोक्ता मामले, खाद्य एंव सार्वजनिक वितरण मंत्री थे। बीमार होने के कारण वह बीते एक महीने से ज्यादा समय से अस्पताल में भर्ती थे और हाल ही में उनके हृदय का ऑपरेशन हुआ था।

–आईएएनएस

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)