UP: निषाद पार्टी अध्यक्ष संजय निषाद सपा-बसपा के समर्थन से महराजगंज से लड़ेंगे चुनाव

  • Follow Newsd Hindi On  
UP: निषाद पार्टी अध्यक्ष संजय निषाद सपा-बसपा के समर्थन से महराजगंज से लड़ेंगे चुनाव

लोकसभा चुनाव के नजदीक आने के साथ ही चुनावी तैयारियां भी जोर पकड़ने लगी हैं। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मंडल की महराजगंज संसदीय सीट सपा-बसपा गठबंधन में सपा के कोटे में गई है। इस सीट पर सपा, अपनी सहयोगी निषाद पार्टी को चुनाव लड़ने का मौका देने जा रही है। यहां से निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा0 संजय कुमार निषाद चुनाव लड़ सकते हैं।

खबरों के मुताबिक डा. संजय कुमार निषाद के महराजगंज से चुनाव लड़ने को लेकर सपा ने हरी झंडी दे दी है। उम्मीद है कि डा. संजय निषाद अपनी पार्टी के सिम्बल पर चुनाव लड़ेंगे और सपा-बसपा उन्हें समर्थन देगी।


गौरतलब है कि निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय कुमार निषाद के बेटे प्रवीण निषाद गोरखपुर के सांसद हैं। उन्होंने मार्च 2017 में गोरखपुर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी उपेन्द्र दत्त शुक्ल को पराजित किया था। गोरखपुर सीट योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुई थी।

सपा-बसपा गठबंधन ने 21 फरवरी को अपनी-अपनी पार्टी द्वारा लड़ी जाने वाली सीटों की घोषणा कर दी गई है। इसके अनुसार 38 सीटों पर बसपा और 37 सीटों पर सपा चुनाव लड़ेगी। गोरखपुर-बस्ती मंडल की नौ सीटों में से सपा गोरखपुर, कुशीनगर और महराजगंज जबकि बसपा बासगांव, देवरिया, सलेमपुर, बस्ती, संतकबीर नगर, डुमरियागंज सीट पर चुनाव लड़ेगी।

सूत्रों के अनुसार सपा अपने अपने कोटे से गोरखपुर और महराजगंज सीट निषाद पार्टी को देगी। गोरखपुर सीट पर उपचुनाव की भांति प्रवीण निषाद, सपा के सिम्बल पर चुनाव लड़ेंगे जबकि डा. संजय निषाद, अपनी पार्टी के सिम्बल पर सपा-बसपा के समर्थन से चुनाव लड़ेंगे।


गोरखपुर और महराजगंज संसदीय क्षेत्र में निषादों की बहुलता है। दोनों सीटों पर निषाद मतदाताओं की संख्या तीन लाख से अधिक बतायी जाती है। जिसके कारण निषाद इन सीटों पर निर्णायक भूमिका में रहते हैं।


UP: कलयुगी बेटे ने जमीन बंटवारे विवाद में पिता को मार डाला

उप्र : सपा 37 पर और बसपा 38 सीटों पर लड़ेगी लोकसभा चुनाव

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)