यूथ ओलम्पिक (बास्केटबॉल) : अर्जेटीना ने बास्केटबॉल, मुक्केबाजी में जीते स्वर्ण

  • Follow Newsd Hindi On  
यूथ ओलम्पिक (बास्केटबॉल) : अर्जेटीना ने बास्केटबॉल, मुक्केबाजी में जीते स्वर्ण

ब्यूनस आयर्स, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)| मेजबान अर्जेटीना ने यहां जारी यूथ ओलम्पिक-2018 में पुरुषों के 3 गुणा 3 बास्केटबॉल और मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीते। रूस ने भी मुक्केबाजी और महिलाओं की बीच वालीबॉल में स्वर्ण जीते। रूस पदक तालिका में शीर्ष पर है।

समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, अर्जेटीना ने बुधवार को पुरुषों के 3 गुणा 3 बास्केटबॉल के फाइनल में बेल्जियम को 20-15 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।


इसी दिन महिलाओं की 3 गुणा 3 बास्केटबॉल के फाइनल में अमेरिका ने फ्रांस को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फ्रांस को रजत और आस्ट्रेलिया को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

मुक्केबाजी में अर्जेटीना के बेरियन एरेगुई ने वेल्टरवेट में मोरक्को के यासिन इलॉरेज को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उज्बेकिस्तान के जाखोंगिर राखमोनोव को कांस्य पदक मिला।

91 से अधिक किग्रा भार वर्ग में रूस के एलेस्किी रस द्रोनोव ने स्वर्ण, कजाखिस्तान के दामिर काजटोयबी ने रजत और मिस्र के अहमद अल्सावी ने कांस्य हासिल किया।


साइक्लिंग प्रतियोगिता में डेनमार्क ने स्वर्ण, आस्ट्रिया ने रजत और हंगरी ने कांस्य जीता।

महिलाओं की बीच वालीबॉल में रूस को स्वर्ण, इटली को रजत और नार्वे को कांस्य हासिल हुआ।

यूथ ओलम्पिक खेलों में रूस अब तक 27 स्वर्ण, 15 रजत और 12 कांस्य पदक के साथ शीर्ष पर है।

वहीं चीन 18 स्वर्ण, नौ रजत और नौ कांस्य पदक के साथ दूसरे तथा जापान 14 स्वर्ण, आठ रजत और 12 कांस्य पदक के साथ तीसरे नंबर पर है।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)