लोकसभा चुनाव 2019 : झारखंड में प्रत्याशियों के लिए जमीन बचाने और जमीन बनाने की चुनौती

  • Follow Newsd Hindi On  

लोकसभा चुनावों को लेकर देशभर में तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। चुनावी मौसम में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गयी है। बात अगर झारखंड की करें तो यहां 14 लेकसभा की सीटें हैं। एनडीए ने राज्य की सभी 14 सीटों पर प्रत्याशीयों की घोषणा कर दी है। यूपीए में अभी भी तीन सीटों को लेकर पेंच फंसा हुआ है। कांग्रेस के खाते में गई धनबाद, खूंटी और हजारीबाग सीट पर उम्मीदवार चयन को लेकर मंथन जारी है।

आपको बता दें  इस बार 10 दिग्गज सांसद फिर से जमीन बचाने के लिए चुनाव में भिड़ने को लेकर तैयार हैं। वहीं पांच विधायक विधायिकी से प्रमोशन के लिए भाग्य आजमा रहे हैं।


बीजेपी ने जहां आठ मौजुदा सांसदों पर फिर से भरोसा जताया है। तो वहीं चार सिटिंग सांसदों का टिकट काट दिया है। इसमें गिरिडीह से रवींद्र पांडेय, रांची से रामटहल चौधरी, कोडरमा से रवींद्र राय और खूंटी से दिग्गज नेता कड़िया मुंडा के नाम शामिल है।

बीजेपी ने इस बार चुनाव में दो नये चेहरे उतारे हैं। इसमें रांची से संजय सेठ व कोडरमा से अन्नपूर्णा देवी शामिल हैं। आपको बता दें की संजय सेठ खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन भी हैं। वहीं राजद की तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी राजद छोड़ कर भाजपा में शामिल हुई हैं। यूपीए की बात करें, तो एक बार फिर से सांसद शिबू सोरेन दुमका से चुनावी मैदान में हैं। वहीं राजमहल से सांसद विजय हांसदा को झामुमो ने फिर से उतारा है। एनडीए फोल्डर में आजसू के खाते में गयी गिरिडीह सीट पर मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी पर दावं खेला गया है।

यूपीए ने चार विधायकों को लोकसभा में उतारा है। इसमें कांग्रेस ने मनोज यादव को चतरा से और गीता कोड़ा को सिंहभूम से चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं झामुमो ने विधायक जगन्नाथ महतो को गिरिडीह संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। झाविमो ने विधायक प्रदीप यादव को गोड्डा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। इनके अलावा भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को खूंटी और झाविमो ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को कोडरमा से प्रत्याशी बनाया है। राजद ने पलामू से घूरन राम को खड़ा किया है।


इसके अलावा राजद ने चतरा से सुभाष यादव को मैदान में उतारा है। इस सीट पर यूपीए फोल्डर में कांग्रेस की सीट से भी प्रत्याशी खड़ा किया गया है। इसकी वजह से यहां फ्रेडली फाइट होने की संभावना बन रही है।

गौरतलब है कि 12 अप्रैल को नामांकन वापसी की तिथि तय है। भाजपा ने राजमहल व दुमका सीट से कई बार चुनाव लड़ चुके सुनील सोरेन व हेमलाल मुर्मू पर दांव लगाया है।

आइए नजर डालते हैं उन सांसदों पर जो फिर से चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आज़मा रहे हैं।

लोहरदगा सीट से भाजपा के प्रत्याशी सुदर्शन भगत

पलामू सीट से भाजपा के प्रत्याशी वीडी राम

चतरा सीट से भाजपा के प्रत्याशी सुनील सिंह

सिंहभूम सीट से भाजपा के प्रत्याशी लक्ष्मण गिलुवा

जमशेदपुर सीट से भाजपा के प्रत्याशी विद्युत वरण महतो

गोड्डा सीट से भाजपा के प्रत्याशी निशिकांत दूबे

हजारीबाग सीट से भाजपा के प्रत्याशी जयंत सिन्हा

धनबाद सीट से भाजपा के प्रत्याशी पीएन सिंह

दुमका सीट से झामुमो के प्रत्याशी शिबू सोरेन

राजमहल सीट से झामुमो के प्रत्याशी विजय हांसदा

पांच विधायक जो हैं चुनाव मैदान में

गिरिडीह सीट से आजसू के प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी

चतरा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी मनोज यादव

सिंहभूम सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी गीता कोड़ा

गोड्डा सीट से झाविमो के प्रत्याशी प्रदीप यादव

गिरिडीह सीट से झामुमो के प्रत्याशी जगन्नाथ महतो

गौरतलब है कि पूरे देश में 11 अप्रैल से 19 मई के बीच 7 चरणों में चुनाव होने हैं। नतीजों की घोषणा 23 मई को होगी।  झारखंड में 29 अप्रैल, 6, 12 और 19 मई को चार चरणों में चुनाव होने हैं। यहां सीधे तौर पर मुकाबला  BJP और विपक्ष के बीच है। झारखंड में जनता का मूड भांपना आसान नहीं है। हर सीट पर जबरदस्त घमासान होने की उम्मीद है। जाहिर है चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है। एक ओर जहाँ बीजेपी के सामने पिछले चुनाव में किये गए प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती होगी, वहीं बीजेपी की घेराबंदी तोड़ना विपक्ष की रणनीति होगी़।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)