उत्तर पूर्वी दिल्ली में हिंसा के बाद अब हालात धीरे-धीरे सुधर रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को बताया कि हिंसा में कमी आई है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस हिंसा में सभी का नुकसान हुआ है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए दो-दो लाख मुआवजा दिए जाने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने जिन लोगों के घर या दुकानें जली हैं, उन्हें 5 लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया।
फरिश्ते योजना के तहत घायलों का फ्री इलाज
दिल्ली हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘कोई भी घायल अगर प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराता है तो उसका खर्चा दिल्ली सरकार उठाएगी। ‘फरिश्ते’ योजना के तहत सभी घायलों का फ्री में इलाज कराया जाएगा। दिव्यांग हुए लोगों को 5 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। हिंसा में अनाथ होने वाले बच्चों को 3-3 लाख मुआवजा दिया जाएगा।’
पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए दिल्ली सरकार ने राहत की योजना बनाई है। मुझे आप सब के साथ और विश्वास की उम्मीद है। pic.twitter.com/xZo4glgPtF
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) February 27, 2020
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार पीड़ितों को फ्री में खाना पहुंचाएगी। हेल्पलाइन नंबर जारी किए जा रहे हैं। मोहल्लों में शांति और अमन बनाए रखने के लिए हर जगह पीस कमेटी बनाई जा रही है। दिल्ली सरकार की तरफ से हिंसा पर लगाम के लिए हरसंभव जरूरी कदम उठाया जा रहा है।
मेरी पार्टी का दोषी, तो मिले दोगुनी सजा: केजरीवाल
वहीं दिल्ली हिंसा में आम आदमी पार्टी के पार्षद ताहिर हुसैन का नाम आने के सवालों पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी का कोई नेता हिंसा में शामिल होने का दोषी पाया जाता है तो उसे दोगुनी सजा दी जाए। जो भी इस मामले में दोषी पाया जाए उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।
देश की सुरक्षा के साथ कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। दंगा भड़काने में जो भी दोषी पाया जाए उसे सख्त सज़ा दो। pic.twitter.com/Cnr5qffrXb
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) February 27, 2020
बता दें कि दंगों में आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद ताहिर हुसैन पर आरोप लगने के बाद से केजरीवाल सरकार पर चौतरफा हमले हो रहे हैं। ताहिर के घर की छत से जांच के दौरान पेट्रोल बम, पत्थर और गुलेल बरामद हुए हैं। हालांकि, ताहिर ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा है कि कुछ लोग जबरन उसके छत पर चढ़ गए थे और उन्होंने पुलिस को मदद के लिए बुलाया था। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने साफ कह दिया कि अगर हिंसा में उनकी पार्टी का कोई भी नजर आया है तो उसपर डबल कार्रवाई होनी चाहिए।