Coronavirus Live Updates: देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 70 हजार के पार, 2293 लोगों की मौत

  • Follow Newsd Hindi On  
Coronavirus Live Updates:

Coronavirus Live Updates: कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी पूरी दुनिया के लिए बड़ी त्रासदी साबित हो रही है। अब तक इस खतरनाक वायरस से मरने वालों की संख्या 2.9 लाख से ज्यादा हो चुकी है। भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus in India) से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।  इस समय संक्रमितों का आंकड़ा 70 हजार से ऊपर है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 70,756 हो गई है। 40,008 लोग अभी भी देश में कोरोना पॉजिटिव हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3604 नए मामले सामने आए हैं और 44 लोगों की मौत हुई है। वहीं, देश में कोरोना से अब तक 2293 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि राहत की बात यह है कि 22,454 मरीज इस बीमारी को हराने में कामयाब भी हुए हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।


बता दें कि देश में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए लॉकडाउन को 17 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से तीन मई के बाद जिलों को अलग-अलग जोन के हिसाब से बांटने का काम किया गया है। कल पीएम मोदी ने लॉकडाउन के विषय पर मुख्यमंत्रियों से चर्चा की।

यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस (Coronavirus Outbreak) से संबंधित सभी अपडेट्स…


Live Blog

9:15PM 12 May, 20
मुंबई में आज कोरोना के 426 नए मामले, 28 लोगों की मौत

महाराष्ट्रः मुंबई में आज कोरोना के 426 नए मामले सामने आए हैं और 28 लोगों की मौत हुई है। अब तक मुंबई में कुल 14781 मामले सामने आए हैं, कुल 556 लोगों की अब तक मौत। अब तक 3313 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैंः ग्रेटर मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन

9:13PM 12 May, 20
जम्मू और कश्मीर के 55 और मामले

जम्मू और कश्मीर में 55 और कोरोना मामले दर्ज किए गए, जिसमें से 13 जम्मू संभाग से और 42 जम्मू संभाग से हैं। केंद्र शासित प्रदेश में कुल मामलों की संख्या अब 934 हो गई है, जिसमें 469 सक्रिय मामले, 455 ठीक हुए और 10 मौतें शामिल हैं : जम्मू और कश्मीर सरकार

9:13PM 12 May, 20
औरंगाबाद रेल दुर्घटना में मारे गए 16 प्रवासी मजदूरों के परिजनों को को 2-2 लाख रुपये

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने राष्ट्रीय राहत कोष से औरंगाबाद रेल दुर्घटना में मारे गए 16 प्रवासी मजदूरों के परिजनों को को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने की मंजूरी दे दी है। वहीं, इस घटना में घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

9:12PM 12 May, 20
हिमाचल प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 65 हुई

राज्य में आज कोरोना के छह नए मामले सामने आए हैं, 24 सक्रिय, 35 ठीक हो चुके और 2 मौतों सहित कुल मामलों की संख्या बढ़कर 65 हो गई : हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य विभाग

9:12PM 12 May, 20
पंजाब में 37 नए मामले, संक्रमित मरीजों की संख्या 1914

कोरोना मामलों की कुल संख्या पंजाब में 1914 हो गई है। आज 37 और लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमण के कारण सक्रिय मामलों और मृत्यु की संख्या क्रमशः 1711 और 32 है :पंजाब स्वास्थ्य विभाग

9:12PM 12 May, 20
पश्चिम बंगाल में आज 110  नए मामले, आठ की मौत

पश्चिम बंगाल में आज कोरोना के 110 नए मामले सामने आए और 8 मौतें हुई हैं। कुल सक्रिय मामले 1363 हैं: पश्चिम बंगाल के गृह सचिव अलपन बंद्योपाध्याय

9:11PM 12 May, 20
उत्तराखंड में संक्रमितों की संख्या 69 हुई

आज नैनिताल से कोरोना का एक नया मामला सामने आया है। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 69 हो गई हैः उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग

9:11PM 12 May, 20
मुंबई के धारावी इलाके में 46 नए केस

मुंबई के धारावी इलाके में कोरोना के 46 नए केस सामने आए हैं। इलाके में कुल मामले बढ़कर 962 हुए, अब तक 31 लोगों की मौतः बीएमसी

9:11PM 12 May, 20
महाराष्ट्रः जेल से छोड़े जाएंगे 17 हजार कैदी

महाराष्ट्र सरकार ने जेलों में बंद 35 हजार कैदियों में से 17 हजार को पेरोल पर छोड़ने का फैसला लिया है। बता दें कि अंडर ट्रायल 5000 कैदी पहले ही छोड़े जा चुके हैं।

9:10PM 12 May, 20
महाराष्ट्र में भी शराब की होम डिलीवरी की अनुमति

महाराष्ट्र सरकार के आबकारी विभाग ने कुछ दिशानिर्देशों और सावधानियों के साथ शराब की होम डिलीवरी की अनुमति दी है।

9:09PM 12 May, 20
दिल्ली में कंटेनमेंट जोन घटकर 80 हुए

दिल्ली में कंटेनमेंट जोन घटकर हुए 80, पिछले 24 घंटे में 1 और जोन को किया गया डी-कंटेन। अब तक 20 जगहों से हटाई गई सील।

8:37PM 12 May, 20
लॉकडाउन 4 पूरी तरह नए रंग रूप वाला होगा: PM मोदी

लॉकडाउन का चौथा चरण, लॉकडाउन 4, पूरी तरह नए रंग रूप वाला होगा, नए नियमों वाला होगा। राज्यों से हमें जो सुझाव मिल रहे हैं, उनके आधार पर लॉकडाउन 4 से जुड़ी जानकारी भी आपको 18 मई से पहले दी जाएगी: PM मोदी

8:35PM 12 May, 20
हर भारतवासी को अपने लोकल के लिए ‘वोकल’ बनना है: PM मोदी

आज से हर भारतवासी को अपने लोकल के लिए ‘वोकल’ बनना है, न सिर्फ लोकल Products खरीदने हैं, बल्कि उनका गर्व से प्रचार भी करना है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा देश ऐसा कर सकता है: PM मोदी

8:28PM 12 May, 20
ये पैकेज 2020 आत्मनिर्भर भारत अभियान को एक नई गति देगा: PM मोदी

इन सबके जरिए देश के विभिन्न वर्गों को, आर्थिक व्यवस्था की कड़ियों को, 20 लाख करोड़ रुपए का संबल मिलेगा, सपोर्ट मिलेगा। 20 लाख करोड़ रुपए का ये पैकेज, 2020 में देश की विकास यात्रा को, आत्मनिर्भर भारत अभियान को एक नई गति देगा: PM मोदी

8:25PM 12 May, 20
20 लाख करोड़ रुपए के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा

कोरोना संकट का सामना करते हुए, नए संकल्प के साथ मैं आज एक विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा कर रहा हूं। ये आर्थिक पैकेज,'आत्मनिर्भर भारत अभियान' की अहम कड़ी के तौर पर काम करेगा। हाल में सरकार ने कोरोना संकट से जुड़ी जो आर्थिक घोषणाएं की थीं, जो रिजर्व बैंक के फैसले थे, और आज जिस आर्थिक पैकेज का ऐलान हो रहा है, उसे जोड़ दें तो ये करीब-करीब 20 लाख करोड़ रुपए का है। ये पैकेज भारत की GDP का करीब-करीब 10 प्रतिशत है: PM मोदी

8:21PM 12 May, 20
हम ठान लें तो कोई लक्ष्य असंभव नहीं, कोई राह मुश्किल नहीं: PM मोदी

हम ठान लें तो कोई लक्ष्य असंभव नहीं, कोई राह मुश्किल नहीं। यही हम भारतीयों की संकल्पशक्ति है। और आज तो चाह भी है, राह भी है। ये है भारत को आत्मनिर्भर बनाना।

हमारे पास साधन हैं, हमारे पास सामर्थ्य है, हमारे पास दुनिया का सबसे बेहतरीन टैलेंट है। हम Best Products बनाएंगे, अपनी Quality और बेहतर करेंगे, सप्लाई चेन को और आधुनिक बनाएंगे, ये हम कर सकते हैं और हम जरूर करेंगे: PM मोदी

8:16PM 12 May, 20
130 करोड़ देशवासियों का आत्मनिर्भर भारत का संकल्प: PM मोदी

दुनिया को विश्वास होने लगा है कि भारत बहुत अच्छा कर सकता है, मानव जाति के कल्याण के लिए बहुत कुछ अच्छादे सकता है। सवाल यह है कि आखिर कैसे? इस सवाल का भी उत्तर है- 130 करोड़ देशवासियों का आत्मनिर्भर भारत का संकल्प: PM मोदी

8:14PM 12 May, 20
दुनिया भर में भारत की भूरि-भूरि प्रशंसा होती है, तो हर भारतीय गर्व करता है: PM मोदी

जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रही दुनिया में आज भारत की दवाइयां एक नई आशा लेकर पहुंचती हैं। इन कदमों से दुनिया भर में भारत की भूरि-भूरि प्रशंसा होती है, तो हर भारतीय गर्व करता है: PM मोदी

8:12PM 12 May, 20
भारत की प्रगति में हमेशा विश्व की प्रगति समाहित: PM मोदी

भारत की प्रगति में तो हमेशा विश्व की प्रगति समाहित रही है। भारत के लक्ष्यों का प्रभाव, भारत के कार्यों का प्रभाव, विश्व कल्याण पर पड़ता है: 

8:10PM 12 May, 20
भारत में हर रोज 2 लाख PPE और 2 लाख एन-95 मास्क बनाए जा रहे हैं: PM Modi

जब कोरोना संकट शुरु हुआ, तब भारत में एक भी पीपीई (PPE) किट नहीं बनती थी। एन-95 मास्क का भारत में नाममात्र उत्पादन होता था। आज स्थिति ये है कि भारत में ही हर रोज 2 लाख PPE और 2 लाख एन-95 मास्क बनाए जा रहे हैं: PM Modi

7:48PM 12 May, 20
तमिलनाडु में आज 716 नए मामले, 8 मौतें

आज राज्य में 716 नए मामले सामने आने के बाद तमिलनाडु में कुल पॉजिटिव मामले 8718 हो गए हैं। आज 8 मौतें दर्ज की गई, कुल मौत का आंकड़ा 61 हो गया है। कुल 2134 लोगों को आज तक छुट्टी दी गई है: स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग, तमिलनाडु सरकार

4:03PM 12 May, 20
गौतमबुद्धनगर में सीज फायर कर्मचारी प्लाज्मा डोनेट करने के लिए आए आगे

नोएडा सेक्टर 135 स्थित सीज फायर कंपनी एक बड़े क्लस्टर के रूप में सामने आई थी, अब इस बीमारी से ठीक हो चुके कंपनी के कर्मचारी अपना रक्त प्लाज्मा दान करने के लिये आगे आए हैं। पढ़ें विस्तार से..

4:01PM 12 May, 20
बिहार: कोरोना के बीच महिलाओं के खिलाफ अपराध वृद्धि के आरोप

कोरोनावायरस महामारी की रोकथाम के मद्देनजर लागू लॉकडाउन के बीच महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा के मामलों में वृद्धि हुई है। बिहार कांग्रेस के एक नेता ने इन आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की पुलिस से मांग की है। पढ़ें विस्तार से..

4:00PM 12 May, 20
लॉकडाउन के बीच कोहली एंड कंपनी का ध्यान स्ट्रेंथ, कंडिशनिंग और रिहैब पर

कोरोनोवायरस महामारी के कारण पूरी दुनिया में इस समय खेल गतिविधियां रूकी हुई है, लेकिन भारतीय क्रिकेटर लॉकडाउन के कारण मिले ब्रेक के बावजूद अपनी फिटनेस बनाए रखना चाहते हैं। पढ़ें विस्तार से..

3:59PM 12 May, 20
ब्रिटेन से 331 लोगों को लेकर हैदराबाद पहुंचा एयर इंडिया का विमान

एयर इंडिया का एक विमान ब्रिटेन से 331 यात्रियों को लेकर मंगलवार तड़के हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा पर उतरा। बाद में यह 87 अन्य यात्रियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गया, जहां से उन्हें अमेरिका ले जाया जाएगा। पढ़ें विस्तार से..

3:58PM 12 May, 20
कोविड19 : नोएडा में तीसरी मौत, पत्नी भी कोरोना संक्रमित

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या जहां 224 हो गई है और 135 मरीज स्वस्थ हो कर अपने घर जा चुके हैं। वहीं शारदा अस्पताल में सोमवार देर रात एक 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई जिसके बाद जिले में मरने वालों की संख्या 3 हो गई है। शारदा अस्पताल में जिस बुजुर्ग की मौत हुई है उसकी पत्नी भी कोरोना वायरस से संक्रमित है। पढ़ें विस्तार से..

3:49PM 12 May, 20
BSF के 9 और जवान कोरोना संक्रमित

पिछले 24 घंटे में BSF के नौ और जवान कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इनमें से 6 दिल्ली से, एक कोलकाता से और दो त्रिपुरा से हैं।

3:46PM 12 May, 20
पिछले 24 घंटे में ITBP के दो और जवान संक्रमित

पिछले 24 घंटे में ITBP के दो और जवानों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। ITBP में अब कुल 159 पॉजिटिव मामले हो गए हैं, जिसमें एक ठीक हो गए हैं: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP)

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)