दिल्ली: हेल्पलाइन पर आई कॉल, सेक्स रैकेट का हुआ खुलासा, 4 गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  
दिल्ली: हेल्पलाइन पर आई कॉल, सेक्स रैकेट का हुआ खुलासा, 4 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस और राज्य महिला आयोग ने शुक्रवार को दिल्ली के अमन विहार इलाके में चल रहे एक सेक्स रैकेट का खुलासा किया और चार लोगों को गिरफ्तार किया।

दरअसल घटना का खुलासा तब हुआ जब अमन विहार में एक सेक्स रैकेट चलाने की खबर दिल्ली महिला आयोग को एक अनजान शख्स ने 181 महिला हेल्पलाइन पर दी। आयोग की टीम उस इलाके में गई और लोगों से बात कर खबर की पुष्टि भी हो गई। टीम ने बारीकी से उस घर की निगरानी की और देखा कि सुबह 10:30 बजे 4 लड़कियां उस घर में आयीं। 15 मिनट बाद 1 लड़की वहां से चली गई| इसके बाद स्कूटर और मोटरसाइकिलों से लोग घर में आने लगे। फोन पर बात करने के बाद ही घर में घुसने दिया जाता था।


आयोग की टीम ने 100 नंबर पर फोन किया और दोपहर के बाद पुलिस के साथ घर में गई। घर में 6-7 आदमियों और 3 लड़कियों को पकड़ा गया। आयोग ने बताया कि घर के मालिक ने पीछे के दरवाजे से 4 लड़कों को निकाल दिया, मगर उसे आसपास रहने वाले लोगों ने पकड़ लिया। आयोग की टीम सभी लोगों को अमन विहार थाने लेकर गई जहां लड़कियों ने कहा कि वे सभी बालिग हैं और अपनी मर्जी से देह व्यापार कर रही थीं। इस घर के चारों तरफ बांस की चिक लगी हुईं थीं, जिससे अंदर ना देखा जा सके। टीम का कहना है कि लड़कियों से हम कुछ बात कर पाते कि मकान मालिक ने उनसे कहा कि वे यह न कहें कि उनसे यह काम जबर्दस्ती करवाया जा रहा है, क्योंकि वह उनको पैसे देता है। उसने टीम से बात करके मामले को रफा दफा करवाने की कोशिश भी की। इस मामले में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 8 के तहत एक एफआईआर दर्ज की गयी है। एजेंट गौतम को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने कहा, वेश्यावृति गुलामी का सबसे बुरा रूप है। यह बहुत ही शर्म की बात है कि राजधानी में यह अपराध इतने बड़े पैमाने पर हो रहा है। आयोग इन महिलाओं की काउन्सलिंग करेगा और इन को कोई दूसरा सम्मानजनक रोजगार दिलवाने में मदद करेगा। पुलिस को कोठे के मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और उस घर को सील करना चाहिए।

 


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)