हरियाणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की बेटी ने कांग्रेस नेता के बेटे के साथ लिए सात फेरे

  • Follow Newsd Hindi On  
हरियाणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की बेटी ने कांग्रेस नेता के बेटे के साथ लिए सात फेरे

हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष सुभाष बराला की बेटी तमन्ना ने और कांग्रेस नेता व पूर्व खेल मंत्री सुखबीर कटारिया के बेटे रिषित कटारिया से शादी रचाई है। गुरुग्राम के फाइव स्टार ग्रेंड भारत रिजार्ट में शनिवार को हुई इस हाई प्रोफाइल शादी में कई मंत्री और नेता शामिल हुए। इस मौके पर भाजपा प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल जैन, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला समेत कई नेताओं ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया।

सुखबीर कटारिया के बेटे रिषित कटारिया पेशे से एडवोकेट हैं और गुरुग्राम कोर्ट में पिछले चार सालों से प्रैक्टिस कर रहे हैं। सुभाष बराला की बेटी पंजाब विश्वविद्यालय से अभी पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं।


बता दें कि दूल्हे के पिता सुखबीर कटारिया, भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में खेल मंत्री रह चुके हैं। सुखबीर कटारिया की गिनती भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी नेताओं में होती है। 2009 में वह निर्दलीय गुरुग्राम से चुनाव जीतकर विधायक बने थे। इसके बाद उन्हें तत्कालीन कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खेल मंत्री बनाया था। कटारिया 2019 में चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे हालांकि वे हार गए थे।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी शादी समारोह में शामिल होने के लिए रिजार्ट पहुंचे। उनके अलावा कृषि मंत्री जेपी दलाल, गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिगंला, सोहना के विधायक संजय सिंह, महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, भाजपा के प्रातीय संगठन महामंत्री सुरेश भट्ठ, प्रांतीय महामंत्री संदीप जोशी और भाजपा नेता सूरजपाल अम्मू ने भी वर-वधू को आशीर्वाद दिया।

‘फिजिकल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा गया’

हरियाणा बीजेपी के नेता सूरजपाल अम्मू ने बताया कि इस विवाह समारोह में फिजिकल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा गया है। सिर्फ फोटो खिंचवाने के दौरान चेहरे से मास्क हटाए गए थे, लेकिन शादी समारोह में 50 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हुए। लोग आते रहे और जाते रहे। विवाह समारोह बड़े ही सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ है।


बेटी के बाद कल होगी बेटे की शादी

वहीं हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला की शादी 30 जून को कुरुक्षेत्र में होगी और इसका रिसेप्शन करनाल में होगा। बताया जा रहा है कि कुरुक्षेत्र के एक सामान्य परिवार में विकास बराला की शादी होगी और शादी का रिसेप्शन करनाल में 30 जून को रखा गया है। इस समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत कई हस्तिया शामिल होंगी।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)