GoAir के कर्मचारी ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में मां को दी जन्मदिन की बधाई

  • Follow Newsd Hindi On  

महाराष्ट्र के नागपुर  में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। निजी विमान कंपनी गोएयर (GoAir)  के 19 वर्षीय एक कर्मचारी ने यहां कथित तौर पर खुदकुशी कर ली है। खबरों के अनुसार शुक्रवार को पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित मंथन चव्हाण मुंबई स्थित एयरलाइन का नागपुर हवाई अड्डे पर ग्राउंड स्टाफ था और अपनी मां को उनके जन्मदिन पर बधाई देने के बाद बृहस्पतिवार दोपहर में उसने खुदकुशी कर ली। उसकी मां महिला पुलिसकर्मी हैं।

पुलिस के मुताबिक, चव्हाण ने दोपहर बाद करीब 2.45 बजे अजनी थाना क्षेत्र के अन्तर्गत चंद्रमणि नगर के अपने घर में एक झरोखे की लोहे की छड़ से लटक कर कर खुदकुशी कर ली। चव्हाण के घरवालों के अनुसार ये संभव है कि काम के दबाव के कारण उसने खुदकुशी की हो। मृतक मंथन के परिजनों का आरोप है कि वह वरिष्ठ अधिकारियों से त्रस्त था। उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था, जिसके चलते उसने आत्महत्या की।


समय से अधिक लेते थे काम

मंथन के पिता महेंद्र निजी कार्य करते हैं और मां सुषमा चव्हाण (शेंद्रे) शहर पुलिस विभाग के विशेष शाखा में कार्यरत है। मंथन अपने परिवार में बड़ा बेटा था। करीब एक वर्ष पहले सोनेगांव स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर गो एयर लाइंस कंपनी में  मंथन की नौकरी लगी थी।

वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी शारीरिक और मानसिक रूप से कर रहे थे परेशान

मंथन की मां ने बताया कि उसके बेटे को वहां के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। उससे उसकी क्षमता से अधिक काम लिया जा रहा था। उसे हर माह 16 हजार रुपए वेतन मिलता था। अधिक काम लिए जाने से मंथन कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। एक बार भी छुट्टी लेने पर उसे बार-बार फोन कर मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।

पुलिस ने मंथन का मोबाइल किया जब्त

अधिकारी के संवाद का ‘वाइस ऑडियो’ रिकार्ड मंथन के मोबाइल में है। घटना के बारे में जानकारी मिलने पर अजनी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मंथन का मोबाइल जब्त किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।  मंथन के परिजनों ने इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)