शीला दीक्षित के निधन पर राष्ट्रपति कोविंद-पीएम मोदी ने जताया शोक, राहुल गांधी बोले- कांग्रेस की प्यारी बेटी से था निजी रिश्ता

  • Follow Newsd Hindi On  
शीला दीक्षित के निधन पर राष्ट्रपति कोविंद-पीएम मोदी ने जताया शोक, राहुल गांधी बोले- कांग्रेस की प्यारी बेटी से था निजी रिश्ता

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। शीला दीक्षित हृदय संबंधी रोग से पीड़ित थीं और पिछले साल फ्रांस में उनकी हार्ट सर्जरी भी हुई थी। शीला दीक्षित (Sheila Dixit) ने एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल में शनिवार दोपहर 3.30 बजे अंतिम साँसें ली।

कन्नौज सांसद से दिल्ली की सबसे लंबे समय तक सीएम… शीला दीक्षित के सियासी सफर पर डालें एक नज़र


कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित दिल्ली की तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकी थीं। मुख्यमंत्री रहने के बाद शीला दीक्षित केरल की राज्यपाल भी रह चुकी थीं। वर्तमान में वे दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष थीं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया है। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा, “वरिष्ठ राजनीतिज्ञ और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती दीक्षित के निधन की खबर सुनकर आहत हूँ। राजधानी दिल्ली की तस्वीर बदलने के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिजनों और सहयोगियों के प्रति मेरी सहानुभूति।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर शीला दीक्षित के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा,”शीला जी के निधन से मर्माहत हूँ। दिल्ली के विकास में उनका अहम योगदान रहा है। उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक ट्वीट के जरिये कहा, “शीला दीक्षित के निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुखी हूँ। कांग्रेस पार्टी की इस प्यारी बेटी के साथ मेरा बहुत करीबी और निजी रिश्ता रहा। मैं शोक के इस समय में उनके परिवार और दिल्ली की जनता के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, “श्रीमती शीला दीक्षित जी के निधन का समाचार अभी-अभी मिला। यह दिल्ली के लिए एक बड़ा नुकसान है और उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिजनों के प्रति हृदय से संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

वहीं कांग्रेस पार्टी के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया,” हमें शीला दीक्षित के निधन का खेद है। आजीवन कांग्रेस नेता और 3 बार दिल्ली की मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने दिल्ली की तस्वीर बदल दी। उनके परिवार वालों और दोस्तों को हमारी सहानुभूति। इस दुःख की घड़ी में उन्हें शक्ति मिले।”

शीला दीक्षित (Sheila Dixit) ने एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल में शनिवार दोपहर 3.30 बजे अंतिम साँसें ली। शीला दीक्षित हृदय संबंधी रोग से पीड़ित थीं और पिछले साल फ्रांस में उनकी हार्ट सर्जरी भी हुई थी।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आज शाम 6 बजे से उनका पार्थिव शरीर निजामुद्दीन स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। रविवार दोपहर 2:30 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)