त्रिपुरा CM बिप्लब देब ने मांगी माफी, पंजाबी और जाट समुदाय के ऊपर की थी विवादित टिप्पणी

  • Follow Newsd Hindi On  
त्रिपुरा CM बिप्लब देब ने मांगी माफी, पंजाबी और जाट समुदाय के ऊपर की थी विवादित टिप्पणी

पंजाबी और जाट समुदाय पर विवादित बयान देने के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब (Biplab Kumar Deb) ने सफाई दी है। सीएम बिप्लब कुमार देब ने कहा कि अगरतला प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में मैंने अपने पंजाबी और जाट भाइयों के बारे मे कुछ लोगों की सोच का जिक्र किया था। मेरी धारणा किसी भी समाज को ठेस पहुंचाने की नहीं थी।

त्रिपुरा सीएम ने कहा कि मुझे पंजाबी और जाट दोनों ही समुदायों पर गर्व है। मैं खुद भी काफी समय तक इनके बीच रहा हूं। मेरे कई अभिन्न मित्र इसी समाज से आते हैं। अगर मेरे बयान से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो उसके लिए मैं व्यक्तिगत रूप से क्षमाप्रार्थी हूं।



सीएम बिप्लब कुमार देब ने ट्विटर पर कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में पंजाबी और जाट समुदाय के योगदान को मैं सदैव नमन करता हूं और भारत को आगे बढ़ाने में इन दोनों समुदायों ने जो भूमिका निभाई है, उसपर प्रश्न खड़ा करने की कभी मैं सोच भी नहीं सकता हूं।

विप्लब देब ने क्या कहा था?

दरअसल, बिप्लब कुमार देब ने बीते रविवार को एक विवादित बयान दिया था। अगरतला प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बिप्लब देब ने कहा कि अगर पंजाब के लोगों की बात करें तो लोग उन्हें पंजाबी कहते हैं, एक सरदार हैं! सरदार किसी से नहीं डरता। वह बहुत ताकतवर होते हैं हालांकि उनका दिमाग कम होता है। कोई भी उन्हें ताकत से नहीं बल्कि प्यार से जीत सकता है।

इसके बाद उन्होंने हरियाणा के जाटों का जिक्र करते हुए कहा, ‘मैं आपको हरियाणा के जाटों के बारे में बताता हूं। तो लोग जाटों के बारे में कैसे बात करते हैं… वे कहते हैं… जाट कम बुद्धिमान हैं, लेकिन शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं। यदि आप एक जाट को चुनौती देते हैं, तो वह अपनी बंदूक अपने घर से बाहर ले आएगा।’

सीएम बिप्लब कुमार देब ने कहा था, ‘बंगाल या बंगालियों के लिए, यह कहा जाता है कि उन्हें बुद्धिमत्ता के संबंध में चुनौती नहीं देनी चाहिए। बंगालियों को बहुत बुद्धिमान माना जाता है और यह भारत में उनकी पहचान है, जैसे हर समुदाय को एक निश्चित प्रकार और चरित्र के साथ जाना जाता है।’


त्रिपुरा सीएम बिप्लब देव का एक और विवादित बयान, बोले- जाटों और सरदारों के पास ताकत ज्यादा लेकिन दिमाग कम

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)