हरियाणा: कांग्रेस, आप और जेजेपी के बीच गठबंधन लगभग तय, ये होगा सीटों का समीकरण

  • Follow Newsd Hindi On  
हरियाणा: कांग्रेस, आप और जेजेपी के बीच गठबंधन लगभग तय, ये होगा सीटों का समीकरण

हरियाणा में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के बीच गठबंधन लगभग तय हो गया है। सूत्रों की मानें तो तीनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत अंतिम दौर में है। कहा जा रहा है कि राज्य की दस लोकसभा सीटों में से 7 कांग्रेस, 2 जेजेपी और 1 सीट ‘आप’ के हिस्से गयी है।

सूत्रों के अनुसार, जेजेपी के पाले में कुरुक्षेत्र और सोनीपत लोकसभा सीट आयी है। वहीं, आम आदमी पार्टी को करनाल सीट मिल सकती है। बाकी बची सात सीटों पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार खड़े करेगी। आपको बता दें कि कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता और मशहूर उद्योगपति नवीन जिंदल चुनाव लड़ते रहे हैं।


अगर सीट बंटवारे का यही फॉर्मूला रहा तो ‘आप’ करनाल से स्वाति मालीवाल को चुनावी मैदान में उतार सकती है। स्वाति मालीवाल अभी दिल्ली महिला आयोग की चेयरमैन हैं। साथ ही वह पार्टी की हरियाणा इकाई के प्रमुख नवीन जयहिंद की पत्नी भी हैं।

गौरतलब है कि दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन का मसला हरियाणा में सीट बंटवारे को लेकर ही फंसा हुआ है। यदि हरियाणा में गठबंधन की बातचीत सफल रहती है तो दोनों पार्टियां के दिल्ली के चुनावी अखाड़े में भी साथ उतरने की पूरी संभावना है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)