पुण्यतिथि विशेष: बॉलीवुड के मशहूर गायक महेंद्र कपूर, जानें उनसे जुड़ी 10 बातें

  • Follow Newsd Hindi On  
पुण्यतिथि विशेष: बॉलीवुड के मशहूर गायक महेंद्र कपूर, जानें उनसे जुड़ी 10 बातें

मेरे देश की धरती सोना उगले, भारत का रहने वाला हूं, भारत की बात सुनाता हूं…, मनोज कुमार के साथ देश भक्ति के गीत जोड़ें, तो जो आवाज फिज़ां में गूंजती है, वो महेंद्र कपूर की है। बॉलीवुड के सुनहरे युग के गायक महेंद्र कपूर (Mahendra Kapoor) की आज पुण्यतिथि है। महेंद्र कपूर का जन्‍म अमृतसर में हुआ था। अमृतसर में पले बढ़े महेंद्र कपूर जल्‍द ही मुंबई आ गए। वह कम उम्र से ही संगीत के दीवाने थे और मोहम्‍मद रफी को अपना आदर्श मानते थे। महेंद्र कपूर (Mahendra Kapoor) ने अपने प्लेबैक सिंगिग करियर में तमाम हिट गाने गाए, बेशुमार प्यार हासिल किया लेकिन उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि बनी देशभक्ति के वो गीत जिन्हें हम आज भी सुनते और सराहते हैं।

जाने महेंद्र कपूर (Mahendra Kapoor) के जीवन से जुड़ी खास बातें…

–  महेंद्र कपूर का जन्म 9 जनवरी 1934 को अमृतसर में हुआ था।


–  उन्होंने शास्‍त्रीय संगीत के महारथियों जैसे पंडित हुस्‍नलाल, पंडित जगन्‍नाथ, उस्‍ताद नियाज अहमद खां, उस्‍ताद अब्‍दुल रहमान खां और पंडित तुलसीदास शर्मा से संगीत की शिक्षा ग्र‍हण की।

–  महेंद्र कपूर को ‘भारत कुमार’ के नाम से मशहूर सुपर स्‍टार मनोज कुमार की आवाज के रूप में जाना जाता है। मनोज कुमार की फिल्‍मों के अनेकों देशभक्ति भरे गाने महेंद्र कपूर की आवाज में हैं।

–  महेंद्र कपूर को मनोज कुमार के लिए गाने का मौका बड़े अनोखे तरीके से मिला। दरअसल ‘आदमी’ फिल्‍म में एक गाना ‘कैसी हसीं आज बहारों की रात है’ दिलीप कुमार और मनोज कुमार के ऊपर फिल्‍माया जाना था। इसे मोहम्‍मद रफी और तलत महमूद की आवाज में रिकॉर्ड होना था। लेकिन मनोज कुमार को लगा कि उनके ऊपर तलत महमूद की आवाज फिट नहीं हो रही। लिहाजा उनकी जगह महेंद्र कपूर को मौका मिला।


–  महेंद्र कपूर ने गुजराती, पंजाबी, भोजपुरी और मराठी में भी गाने गाए। उन्हें पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला– चलो एक बार फिर से अजनबी बन जाएं हम दोनो के लिए। उपकार फिल्म के मेरे देश की धरती के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड मिला।

–  मनोज कुमार की फिल्‍मों ‘उपकार’ और ‘पूरब और पश्चिम’ फिल्‍मों के गाने महेंद्र कुमार ने ही गाए। उपकार के गाने ‘मेरे देश की धरती के लिए’ के लिए उन्‍हें फिल्‍म फेयर अवॉर्ड भी मिला।

–  गालिब की गजलों के लिए भी उन्हें याद किया जाता है। फिल्म इंडस्ट्री के उस दौर के सभी बड़े अभिनेताओं के लिए महेंद्र कपूर ने प्लेबैक सिंगिग की। 1972 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित भी किया गया।

–  महेंद्र कपूर मशहूर निर्देशक बीआर चोपड़ा के चहेते थे और दोनों ने साथ में ‘धूल का फूल’, ‘गुमराह’, ‘वक्‍त’, ‘हमराज’, ‘धुंध’ और ‘निकाह’ जैसी हिट फिल्में दीं। महेंद्र कपूर ने चोपड़ा के सीरियल ‘महाभारत’ के लिए भी अपनी आवाज दी।

–  27 सितंबर 2008 को 74 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से महेंद्र कपूर का मुंबई में निधन हो गया।

–  महेंद्र कपूर को बेहद संवेदनशील और विनम्र इंसान के तौर पर याद किया जाता है। उन्हें उनके आवाज की रेंज और तानों के लिए भी याद किया जाता है। वो रेंज शायद ही किसी प्लेबैक सिंगर में दिखाई दी है।


सदाबहार किशोर कुमार: 600 से अधिक फिल्मों में गाये गाने, 8 बार जीता फिल्म फेयर पुरस्कार

आवाज जितना ही कोमल था मोहम्मद रफी का दिल, जिंदगी के आखिरी दिन पर भी गाया गाना

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)