झारखंड : नहीं थम रही डायन बिसाही के शक में हत्याएं, दो लोगों की गई जान

  • Follow Newsd Hindi On  
झारखंड : नहीं थम रही डायन बिसाही के शक में हत्याएं, दो लोगों की गई जान

झारखंड में प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद जादू–टोना और डायन बिसाही के शक में हत्या और प्रताड़ना के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला गुमला और पाकुड़ जिले में देखने को मिला है। यहां शनिवार को डायन बिसाही के आरोप में दो लोगों की हत्या कर दी गई। पहली घटना पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के गादी सुरमा गांव की है। ग्रामीणों ने रूपा पहाड़िया को डायन बिसाही के संदेह में लाठी-डंडें से पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी शांति पहाड़िन ने ग्रामीणों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतक की पत्नी शांति ने बताया कि डायन बिसाही के संदेह में ग्रामीणों ने पहले भी कई बार उसके पति के साथ मारपीट की थी। शुक्रवार को भी ग्रामीणों ने इसी संदेह पर लाठी-डंडा से मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। दूसरे दिन शनिवार को भी ग्रामीणों ने रूपा को जमकर पीटा। इससे उनकी जान चली गई।

दूसरा मामला गुमला के बेला गांव में शुक्रवार की रात का है। यहां भी डायन बिसाही के आरोप में नारु खड़िया की हत्या कर दी गई। वहीं उसकी पत्नी बिरसी खडि़याइन और गांव के ही कजरू भगत को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बिरसी खडि़याइन और कजरु भगत के अनुसार गांव के ही चार युवक डॉक्टर उरांव, कुलदीप उरांव, अरुण उरांव व जितिया खडि़या ने डायन बिसाही के शक में  घर पहुंचे और कुछ कहे बिना ही उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। वह भागते हुए गांव में शोर मचाने लगी तब तक उसके पति को टांगी से मारकर सभी वहां से निकले और कजरु के घर पहुंचे। कजरु ने कहा कि डॉक्टर उरांव के पिता को लकवा है। इसके लिए उसने नारु और मुझपर डायन बिसाही का आरोप लगाते हुए अपने साथियों के साथ हमला किया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची और शव तथा घायलों को लेकर सदर अस्पताल पहुंची।


झारखंड़ में ऐसे मामलों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। जाहिर है लोगों के मन में पुलिस और प्रशासन का डर समाप्त हो गया है। यदि जल्दी कोई कदम नहीं उठाया गया तो ये समस्या विकाल रूप ले लेगी।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)