झारखंड: जेल में विचाराधीन कैदी की मौत, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

  • Follow Newsd Hindi On  
झारखंड: जेल में विचाराधीन कैदी की मौत, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

झारखंड की राजधानी रांची से सटे लोहरदगा जिले के मंडल कारा में एक कैदी की सोमवार सुबह मौत हो गयी। परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

दरअसल, लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड के नारी गांव का रहने वाला मोबिन अंसारी दो महीने से जेल में बंद था। पिछले कुछ दिनों से वह बीमार था और जेल में ही उसका इलाज चल रहा था।


परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

मृतक के परिजनों ने बताया कि आज सुबह करीब छह बजे घटना की जानकारी मिली, इसके पहले हमलोग जब उससे जेल में मुलाकात करने जाते थे तो वह प्रताड़ित करने की बात कहता था। मोबिन मजदूरी करता था। उसके दो बेटे और एक बेटी है। करीब ढाई महीने पहले अपनी गर्भवती पत्नी के साथ मोबिन ने मारपीट की थी। इसके बाद पत्नी गुस्से में थाना चली गई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर पत्नी के प्रताड़ना के आरोप में मोबिन को जेल भेज दिया। उन्होंने बताया कि 15 दिन बाद सुलहनामा बनाकर उसकी रिहाई का प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच आज सुबह उसकी मौत की खबर मिली।

मोबिन अंसारी (36) के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जेल प्रशासन ने मोबिन के इलाज में लापरवाही बरती, जिसकी वजह से उसकी मृत्यु हो गयी है। मृतक की एक बेटी और दो बेटे हैं।


झारखंड : बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर युवक की हत्या


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)